नीमच। प्रदेश के सूक्ष्म लघु मध्यम उद्यम तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने गुरूवार को जिला चिकित्सालय नीमच का आकस्मिक निरीक्षण कर, उपलब्ध उपचार व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया तथा सिविल सर्जन व चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश भी दिए। इस निरीक्षण के दौरान नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार, कलेक्टर मंयक अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एसएस बघेल, सिविल सर्जन डॉ एके मिश्रा, डॉ महेन्द्र पाटील एवं स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित थे।
मंत्री सखलेचा ने जिला चिकित्सालय के निरीक्षण दौरान ट्रामा सेंटर, कोविड आईसीयू वार्ड, कोविड कार्ड, आईसोलेशन वार्ड, शिशु आईसीयू वार्ड एवं विभिन्न वार्डो का निरीक्षण कर, आवश्यक निर्देश भी दिए। मंत्री सखलेचा ने विभिन्न वार्डो के निरीक्षण दौरान सभी बेड पर आवश्यकता अनुसार बेडशीट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होने बेडशीट की तत्काल व्यवस्था के लिए 600 बेडशीट खरीदने के लिए स्वैच्छानुदान से राशि प्रदान करने की सहमति प्रदान की। मंत्री सखलेचा ने वार्डो में पर्याप्त साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा कोविड स्टोर रूम में उपलब्ध सभी आक्सीजन कंसट्रेंटर को चालू कर, उनकी जांच करने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में उनका उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। मंत्री सखलेचा ने कोविड आईसीयू वार्ड में पाईप लाईन से ऑक्सीजन की आपूर्ति के बारे में भी जानकारी ली। उन्होने जिला चिकित्सालय में स्थापित दोनों आक्सीजन प्लांट को प्रतिदिन एक-एक घन्टा चालू कर, उसका परीक्षण करवाने के निर्देश भी सिविल सर्जन को दिए।
मंत्री सखलेचा ने जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में अधिकारियों की बैठक में चर्चा कर, जिले में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टॉफ की पद पूर्ति तथा उपलब्ध उपचार सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। मंत्री सखलेचा ने जिला चिकित्सालय नीमच के सुव्यवस्थित विकास एवं विस्तार के लिए सम्पूर्ण जिला चिकित्सालय परिसर का मॉस्टर प्लान तैयार कर, उसका क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी सिविल सर्जन को दिए। मंत्री सखलेचा ने कहा, कि वर्ष 2003 से अब तक जिला चिकित्सालय नीमच एंव जिले के विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य सुविधाओं का काफी विकास एवं विस्तार हुआ है। चिकित्सकों के पदों की पूर्ति हुई है और पैरामेडिकल स्टॉफ की संख्या में भी काफी बढोतरी हुई है।
इस दौरान मंत्री सखलेचा ने रतनगढ़ निवासी महिला मरीज का कुशलशेम जाना और उसके नि:शुल्क उपचार एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधा हेतु जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दिए। मंत्री सखलेचा ने महिला के परिजनों से चर्चा कर, स्वास्थ्य में उपचार से हो रहे, लाभ व नि:शुल्क दवाई प्राप्त होने के संबंध में जानकारी ली तथा सिविल सर्जन को निर्देश दिए, कि महिला गीताबाई को नि:शुल्क उपचार सुविधा मुहैया कराई जाए।
इस मौके पर संतोष चौपडा, सचिन गोखरू व अन्य जनप्रतिनिधि तथा अधिकारीगण एवं चिकित्सक उपस्थित थे।