आगर मालवा। जिले में राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस, 26 जनवरी 2023 को हर्षाल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया जाएगा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले के सभी शासकीय, अशासकीय कार्यालयों, ऐतिहासिक महत्व की स्मारकों एवं शैक्षणिक संस्थाओं में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित कर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउण्ड पर प्रातः 09ः00 बजे से आयोजित होगा। जिसमें मुख्य अतिथि संयुक्त परेड की सलामी लेंगे और प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे। स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति गीतों पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विभागीय झांकिया समारोह का मुख्य आकर्षण होगी। कलेक्टर कैलाश वानखेड़े ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गणतंत्र दिवस समारोह की पूर्व तैयारियों की बैठक लेकर जिला अधिकारियों को दायित्व सौंपे तथा समय-सीमा में सभी आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सगर, सीईओ जिला पंचायत डीएस रणदा, अपर कलेक्टर रवि कुमार सिंह, एसडीएम सुसनेर सोहन कनाश सहित विभाग प्रमुख उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने कहा कि गणतंत्र दिवस पर सभी ग्राम पंचायत एवं विकासखण्ड मुख्यालयों के साथ ही शालाओं में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किये जायेगें। उन्होंने निर्देश दिए कि ध्वजारोहण कार्यक्रम में ध्वज की गरिमा का पूरा ध्यान रखें, निर्धारित समय पर ध्वजारोहण करें। शैक्षणिक संस्थाओं एवं कार्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम के पश्चात सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शिक्षण संस्थाओं के अध्यापक मुख्य समारोह स्थल पहुंचेगें। कलेक्टर ने मुख्य समारोह को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि समारोह सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत व भारतीय संस्कृति पर केन्द्रित हो। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों की थीम नई तथा अच्छी हो, पिछले समारोह के कार्यक्रमों की पुनरावृत्ति समारोह में न हो। सांस्कृतिक कार्यक्रम की थीम 10 जनवरी तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध करवाई जाए तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए बच्चों को अभ्यास अच्छे से करवाएं। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम के चयन करने हेतु जिला पंचायत सीईओ की अध्यक्षता में एक समिति गठन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस की परेड में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ स्काउट गाइड व एनसीसी आदि के बच्चे भी कदम ताल मिला सकें इसके लिये इनको भी परेड का नियमित अभ्यास कराया जाए। विभागों द्वारा अपने विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों पर आकर्षक झांकिया निकाली जाए। उन्होंने समारोह स्थल पर मैदान में साफ-सफाई, समतलीकरण सहित वाहन पार्किंग, वेरिकेटिंग, स्टेज, पीने के पानी आदि व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिए कि सभी तैयारियां गणतंत्र दिवस की गरिमा को ध्यान में रखकर समयसीमा में पूर्ण की जायें। कलेक्टर ने विभाग प्रमुखों से कहा कि शासकीय विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी के नाम 10 जनवरी तक अनिवार्य रूप से भेजे जाएं। कलेक्टर ने सार्वजनिक भवनों, शासकीय स्मारकों, शासकीय कार्यालयों व भवनों पर गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या से रोशनी करने के निर्देश दिए।