नीमच। फव्वारा चौक नीमच पर यातायात विभाग और सीताराम जाजू कन्या महाविद्यालय की एनसीसी की छात्राओं द्वारा यातायात जागरूकता को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। जिसमें दो पहिया वाहन एवं चार पहिया वाहन चालकों को यातायात के नियम एवं सुरक्षा को लेकर जानकारी दी गई।
इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने वाहन चालकों को फव्वारा चौक पर रोककर आवश्यक हिदायत दी। जिन दो पहिया वाहन चालकों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था उन्हें हेलमेट लगाने की समझाइश दी गई। चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के बारे में बताया गया। छात्राओं द्वारा माइक लगाकर समझाया गया कि हेलमेट एवं सीट बेल्ट ना लगाने से दुर्घटना के समय जान का खतरा बना रहता है।
इस दौरान जिन दो पहिया वाहन चालकों ने हेलमेट लगा रखा था उन्हें गुलाब का फूल देकर धन्यवाद दिया गया।
इस जागरूकता अभियान के दौरान सीएसपी फुल सिंह परस्ते, थाना प्रभारी मोहन भर्रावत एवं यातायात महकमे के जवान मौजूद रहे।