नीमच। जीवन में आगे बढने तथा सफलता प्राप्त करने के लिए अभी से लक्ष्य तय कर, उसे हासिल करने का भरसक प्रयास करें। यह बात प्रदेश के सूक्ष्म लघु मध्यम उद्यम तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिक मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने शनिवार को सिंगोली में वीरेंद्र कुमार सखलेचा शासकीय महाविद्यालय में विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कही। इस मौके पर जनपद अध्यक्ष गोपाल चारण, एसडीएम शिवानी गर्ग, विक्रम सोनी, प्रभुलाल धाकड, व अन्य जनप्रतिनिधि तथा कॉलेज का स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थी।
मंत्री सखलेचा ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर, उन्हें जीवन में आगे बढने और सफलताएं अर्जित करने के संबंध में महत्वपूर्ण बाते बताई। उन्होने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया। इसके पश्चात मंत्री सखलेचा ने ग्राम शेहनातलाई में पंचायत भवन पर ग्रामीणों से रूबरू हुए और उनकी समस्याओं को सुना। मंत्री सखलेचा ने शेहनातलाई में खेल मैदान विकसित करने हेतु 1.50 लाख रूपये अपनी निधि से प्रदान करने की स्वीकृति प्रदान की। उन्होने स्ट्रीट लाईट के प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश सरपंच, सचिव को दिए एवं पेयजल समस्या के समाधान के लिए भी ग्राम पंचायत का प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश दिए।
मंत्री सखलेचा ने ग्राम शेहनातलाई में ग्रामीण शोभाराम धाकड के निवास पर जाकर उनकी बुआजी के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त की। इसके बाद मंत्री सखलेचा, राजपुरा झंवर ग्राम पंचायत के झरनेश्वर महादेव मंदिर पर आयोजित एक कार्यक्रम में भी शामिल हुए और ग्रामीणों की समस्याओं को सुना।