नीमच। जिले की जनपद नीमच की ग्राम पंचायत फोफलिया जिला मुख्यालय नीमच से लगभग 25 किमी दूर स्थित है। ग्राम पंचायत फोफलिया निवासी किसान सुशीला बाई पति विष्णुलाल रेगर के खेत में मनरेगा योजना के तहत कपिल धारा कूप का निर्माण हो जाने से उसकी जिन्दगी में काफी परिवर्तन आया है। अब उसकी सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति में काफी सुधार हुआ है।
म.न.रे.गा.योजना के तहत सुशीलाबाई पति विष्णुलाल रेगर के खेत में 2.46 लाख की लागत से कपिलधारा कूप का निर्माण किया गया है। कूप निर्माण कार्य में हितग्राही किसान और उसके परिवार के सदस्यों को रोजगार तो मिला ही है। साथ ही उसके खेत में सिंचाई के लिए कूएं का निर्माण भी हुआ है।
पहले किसान के पास असिंचित कृषि भूमि थी, जिससे वह वर्षा आधारित एक फसल ही ले पाते थे। शेष दिनों में सुशीला व उसका परिवार अन्य किसानों के खेतों में कृषि, मजदूरी कार्य कर, अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। कपिलधारा कूप निर्माण से सुशीलाबाई खरीफ के साथ-साथ अब रबी में गेहूं व चने की फसल का उत्पादन भी लेने लगे है। इससे उसकी आमदनी में भी बढोत्तरी हुई है। अब किसान सुशीला बाई और उसका परिवार अपने ही खेत में कृषि कार्य कर, अपना जीवन यापन अच्छे से कर रहे है। अब उसे व उसके परिवार को दूसरों के खेत पर मजदूरी करने की जरूरत भी नहीं है। इस तरह कपिलधारा कूप से किसान सुशीलाबाई की जिन्दगी में परिवर्तन के साथ सामाजिक व आर्थिक स्थिति में भी काफी सुधार आया है।