नीमच। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की हड़ताल लगातार जारी है। नीमच जिले के 350 अधिकारी और कर्मचारी अनवरत रूप से धरना प्रदर्शन कर सरकार से अपनी मांगों को मनाने के लिए विभिन्न तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन सत्ता के नुमाइंदों ने अभी तक इनकी मांगों को पूरा करना तो दूर,सुनने तक की ज़हमत उठाना मुनासिब नहीं समझा।
संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने आज धरना स्थल पर बैठकर संविदा चाय बेचकर सांकेतिक रूप से विरोध प्रदर्शन किया। इनके द्वारा सरकार तक संदेश पहुंचाने की कोशिश की गई कि वर्षों की सेवाओं के बावजूद पढ़े-लिखे लोगों को सरकार द्वारा इतना मानदेय भी नहीं दिया जा रहा है कि वह अपने परिवार का लालन-पालन कर ले।
बताते चलें कि आज संविदा कर्मचारियों को हड़ताल पर बैठे 19 दिन हो गए है और सरकार की ओर से किसी भी जनप्रतिनिधि ने इनकी सुध नहीं ली। कल संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ द्वारा अपनी 2 सूत्रीय मांगों को लेकर न्याय यात्रा निकाली जाएगी। जिले के 350 कर्मचारियों को हड़ताल पर जाने से स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। लेकिन सरकार इस बात से बेफिक्र दिखाई दे रही है।