नीमच। शहर का हेडगेवार प्राइवेट बस स्टैंड अव्यवस्थित यातायात, बेतरतीब ढंग से बसों और ऑटो के खड़े रहने और अस्त-व्यस्त पार्किंग की वजह से बदसूरत दिख रहा था। इसकी सुध लेते हुए पार्षद किरण शर्मा ने पिछले 4 दिनों से नगरपालिका और यातायात का महकमे का सहयोग लेकर इसे व्यवस्थित करने की कोशिश की है। चूंकि बाहर से आने वाले लोगों के मनों मस्तिष्क पर बस स्टैंड की तस्वीर से शहर की छवि का अंदाजा लगता है। इसे संवारने की खास जरूरत है।
नीमच का बस स्टैंड है तो काफी बड़ा। यहां से तकरीबन 100 बसों का प्रतिदिन संचालन होता है। हजारों की संख्या में यात्री आवाजाही करते हैं। यहां सफाई व्यवस्था भी बेहतर होना लाजमी है। फिलहाल इसके लिए एक कोशिश जनप्रतिनिधि किरण शर्मा ने की है। बसों को व्यवस्थित ढंग से लाइनअप करने की, टेंपो एवं अन्य वाहनों की पार्किंग के लिए स्थान निर्धारित करने की पहल की गई है।साफ-सफाई भी कराई है। किंतु यह निरंतर रहे, इसके लिए सभी के सहयोग की दरकार होगी।