आगर मालवा। सेक्टर समन्वय डॉ. अरविंद महाजन की उपस्थिति में सोमवार को जनपद ग्राम पंचायत बापचा के ग्राम कराडिया में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। सेक्टर समन्वयक द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को महिला एवं बाल विकास विभाग पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग स्वास्थ्य विभाग शिक्षा विभाग पशु पालन आदि विभागों में संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया गया एवं उपस्थित ग्रामीणों से ग्राम में हो रही समस्याओं के बारे में पूछा गया। ग्राम की समस्याओं को सामान्यतः ग्रामीण लिखित रूप में प्रस्तुत करते हैं एवं उसका फॉलो अप नहीं हो पाता है।
कलेक्टर कैलाश वानखेड़े के द्वारा उक्त समस्याओं ग्रामीणों के समक्ष सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज करने के निर्देश दिए गए थे। ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर उनके समक्ष सीएम हेल्पलाईन पर दर्ज करवाने पर उनके द्वारा प्रसन्नता व्यक्त की गई। ग्रामीणों के सामने ही ग्राम में व्याप्त तीन समस्याओं को सीएम हेल्पलाइन पर लोक सेवा प्रबंधन के माध्यम से दर्ज किया गया एवं आवंटित शिकायत क्रमांक को ग्रामीणों को अवगत कराया गया और यह भी कहा गया कि उक्त समस्याएं शासन के समक्ष दर्ज हो गई है एवं आपको की गई कार्रवाई से दूरभाष पर अवगत भी कराया जाएगा। ग्राम में आंगनवाड़ी भवन का भी निरीक्षण किया गया। ऑनलाइन फॉर्मेट के माध्यम से विभिन्न विभागों में संचालित योजना रजिस्टर एवं उनके द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को ग्रामीणों के समक्ष उनसे प्रश्न पूछ-पूछ कर पोर्टल पर दर्ज किया गया। ग्रामीणों को जब इस तरह से पोर्टल पर पूछे गए प्रश्नों की जानकारी पूछी गई तो उनके द्वारा प्रसन्नता व्यक्त की गई। ग्राम के पर्वत सिंह यादव, बसंती लाल यादव एवं भगवान सिंह पिता भंवरलालयादव द्वारा सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से तीन समस्याएं उनके समक्ष ही दर्ज की गई। जिसमें पर्वत सिंह यादव द्वारा जल संसाधन विभाग के पुराने तालाब के मरम्मत की समस्या बताई गई, भगवान सिंह पिता भंवरलाल यादव द्वारा ग्राम में विद्युत विभाग की समस्या के बारे में बताया, अटल योजना अंतर्गत ग्राम में स्थापित केबल में जगह-जगह फाल्ट होने से ग्रामीणों को विद्युत प्रदाय नहीं हो पा रहा है उक्त समस्याओं को उनके समक्ष ही सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज किया गया।