नीमच। जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद नीमच द्वारा नीमच जिले के पुरातत्व पर्यटन पर आधारित वर्ष 2023 का केलेण्डर प्रकाशित किया गया है। इस आकर्षक पुरातत्व पर्यटन केलेण्डर की प्रदेश की पर्यटन संस्कृति, धर्मस्व एवं धार्मिक न्यास मंत्री तथा जिले की प्रभारी मंत्री उषा ठाकुर ने प्रशंसा की है।
जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद नीमच व्दारा तैयार किए गए पुरातत्व एवं पर्यटन केलेण्डर की सराहना करते हुए प्रभारी मंत्री उषा ठाकुर ने कहा कि यह केलेण्डर नीमच जिले में पर्यटन को बढावा देने और पर्यटन सर्किट बनाने में मददगार साबित होगा। उन्होने इस केलेण्डर के प्रकाशन पर जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद नीमच को बधाई देते हुए कहा, कि नीमच जिले के पुरातत्व एवं पर्यटन पर आधारित इस आकर्षक केलेण्डर में जिले के पुरातात्विक महत्व के स्थल, नवतोरण मंदिर, भादवामाता मंदिर, झरनेश्वर महादेव कंजार्डा, ऑक्टर लोनी हाल सीआरपीएफ नीमच, तारापुर की प्रिंटिग, चारभुजा मंदिर बरूखेडा, रामपुरा के गांधीसागर जलाशय के बैक वाटर में साईबेरियन पक्षी, मजार ए सैयदी बाबा मुल्लाखान रामपुरा, फुलपुराबावडी कुकडेश्वर, रामपुरा, की जल छत्रियां आदि के छायाचित्र समाहित किए गऐ है, जो भावी पीढी को नीमच जिले की पुरातात्विक, आध्यात्मिक एवं पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी हासिल करने में काफी मददगार होगा।
जिला पुरातत्व एवं पर्यटन समिति की सचिव एवं एडीएम नेहा मीना ने बताया कि नव वर्ष की शुरूआत में जिले में पर्यटन को बढावा देने के लिए जिला पुरातत्व एवं पर्यटन समिति द्वारा यह पहल की गई है, जिससे कि जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों की जानकारी प्रदेश के अन्य जिलों और प्रदेश में कैलेण्डर के माध्यम से पहुंचे और नीमच जिला पर्यटन सर्किट में शामिल किया जा सके। भविष्य में यह प्रयास रहेगा कि जिले के विभिन्न स्थानों पर पर्यटन से संबंधित मानचित्र भी प्रदर्शित किए जावें।
ज्ञातव्य हो , कि जिला पुरावतत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद नीमच व्दारा प्रकाशित जिले के पुरातत्व एवं पर्यटन केलेण्डर 2023 का कलेक्टोरेट नीमच में सोमवार को कलेक्टर एवं जिला पुरातत्व एवं पर्यटन समिति के अध्यक्ष मयंक अग्रवाल, एवं जिला पुरातत्व एवं पर्यटन समिति की सचिव एवं एडीएम नेहा मीना व्दारा विमोचन किया गया है। विमोचन के अवसर पर डीएफओ विजयसिंह, जिला पंचायत सीईओ गुरूप्रसाद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एस.एस.कनेश एंव जिला अधिकारी उपस्थित थे।