भोपाल। संभागायुक्त मालसिंह भयड़िया ने कृषि अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे खाद बीज और उर्वरक के नमूने लगातार लें और अमानक पाए जाने पर संबंधित कोलाइसेंस निलंबित करने के साथ एफआईआर भी दर्ज करवाएं। भयड़िया कमिश्नर सभाकक्ष में संभाग के सभी जिलों में कृषि गतिविधियों की समीक्षा कर रहे थे। कमिश्नर ने निर्देश दिए हैं कि संभाग के सभी जिलों में यूरिया की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए रैकवार भंडारण आदि का तिथिवार प्लान तैयार करें। उन्होंने कहा कि खाद-उर्वरक और दवाईयों का संकट नहीं होना चाहिए।
संयुक्त संचालक कृषि बीएल बिलैया ने बताया कि सभी 5 जिलों में लगभग 98 फीसदी बोनी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि प्राय: सभी जिलों में यूरिया आदि की उपलब्धता और भंडारण पर्याप्त मात्रा में है। बैठक में बताया गया कि अब तक लगभग 12 लाख 63 हजार हेक्टेयर में रबी फसलों की बुआई की जा चुकी है। बिलैया ने बताया कि अभी भी बीज का उठाव जारी है, गत वर्ष 3 लाख 55 हजार 944 क्विंटल बीज का वितरण हुआ था और इस वर्ष 3 लाख 82 हजार 413 क्विंटल बीज भंडारित है तथा अब तक 2 लाख 97 हजार 306 क्विंटल बीज वितरित किया जा चुका है। बैठक में बताया गया कि प्राकृतिक खेती के लिए अब तक 3744 किसानों ने पोर्टल पर पंजीयन करवाया है और संभावना है कि इस वर्ष 3580 हैक्टेयर में प्राकृतिक खेती होगी।
संभागायुक्त भयड़िया ने स्वाइल हेल्थ कार्ड, राष्टीय खाद्य सुरक्ष मिशन, नेशनल मिशन आन इउेवल आयल, बीज ग्राम योजना तथा बलराम तालाब योजना में अपेक्षाकृत कम प्रगति पर अप्रसन्न्ता व्यक्त की। उन्होंने संयुक्त संचालक कृषि को निर्देश दिए हैं कि उक्त कार्यक्रमों का लक्ष्य 15 फरवरी तक पूर्ण किया जाए और सभी जिलों के उप संचालकों को लक्ष्य की पूर्ति नहीं करने पर कारण बताओ सूचना पत्र भी जारी किया जाए।