नीमच। जिले में जनवरी माह की शुरूआत से ही ठंडक में लगातार इजाफा हो रहा है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान गिरने के साथ ही शीत लहर का प्रकोप भी बढ़ा है। सुबह व शाम के समय शीत लहर का असर ज्यादा देखने में आ रहा है। ऐसे में स्कूलों के संचालन को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी सीके शर्मा ने एक आदेश जारी किया है। आदेश में कक्षा 1 से 8 तक व आंगनबाड़ी में 9 जनवरी तक का अवकाश घोषित किया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने जो आदेश जारी किया है उसमें यह भी स्पष्ट किया है कि आगामी 9 जनवरी तक यह आदेश सिर्फ विद्यार्थियों के लिए मान्य होगा। शिक्षकों व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को तय समय पर ही अपने कर्तव्य स्थल पहुंचना होगा। यह आदेश शासकीय व अशासकीय विद्यालय के लिए जारी किया गया है। इसके बाद भी अगर ठंड का प्रकोप कम नहीं होता है तो आगामी बैठक में निर्णय लिया जाएगा।