आगर मालवा। कलेक्टर कैलाश वानखेड़े के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में समन्वय अभियान के तहत सेक्टर समन्वय अधिकारियों द्वारा गुरूवार को आगर-मालवा जिले की चारों विकास खण्ड के 51 गांवों में विशेष ग्राम सभा आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गई तथा उनका मौके पर मैदानी अमले से निराकरण करवाया गया, मौके पर निराकरण नहीं होने वाली समस्याओं में संबंधित विभागीय अधिकारियों से समन्वय कर निराकरण हेतु ग्रामीणों को आश्वस्त किया तथा ग्रामीणों की समस्याओं को सीएम हेल्पलाईन के माध्यम से निराकरण हेतु पोर्टल पर दर्ज करवाई गई।
सेक्टर समन्वय अधिकारियों ने विशेष ग्राम सभा में ग्रामीणों को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, पशुपालन विभाग, श्रम विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग आदि विभागों के द्वारा संचालित शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी देते हुए उनका पात्रतानुसार लाभ लेने का आह्वान किया। साथ ही आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी, राशन वितरण, निःशक्तजन छात्रवृत्ति, सामाजिक सुरक्षा पेंशन आदि में हितग्राहियों से फिडबैक लिया। विदित हो कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों में सुशासन के मापदंडों को स्थापित करने हेतु कलेक्टर कैलाश वानखेड़े के मार्गदर्शन में जिले में 2 जनवरी से 28 फरवरी के मध्य विशेष ग्राम सभा आयोजित की जा रही है।
सेक्टर समन्वय अधिकारी विशेष ग्राम सभाओं में आम नागरिकों की समस्या सुनकर मौके पर जो भी निराकरण हो सकता है वह करेंगे। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन मैदानी अमले से करवाकर अंतिम छोर के व्यक्ति को प्राथमिकता से लाभ दिलाना सुनिश्चित करेंगे। स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों का किया निरीक्षण सेक्टर समन्वय अधिकारियों द्वारा विशेष ग्राम सभाओं के उपरान्त गांवों में स्कूल एवं आंगनवाड़ियों का निरीक्षण किया। निरीक्षक के दौरान अधिकारियों द्वारा स्कूली बच्चों से सवाल-जवाब कर शैक्षणिक गुणवत्ता जांची गई तथा बच्चों को उनकी रूचि के विषय पढ़ाएं गए, उन्हें शिक्षाप्रद जानकारी देकर मन लगाकर पढ़ाई करने एवं भविष्य संवारने हेतु प्रेरित किया। सेक्टर समन्वय द्वारा स्कूलों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता भी परखी गई तथा खेल गतिविधियों के बारे में संस्था प्रमुखों से पूछताछ कर बच्चों के मध्य खेल गतिविधियां आयोजित करने हेतु निर्देशित किया गया।
यहां हुई विशेष ग्राम सभाएं-
गुरूवार को विकासखंड आगर के ग्राम गुरुखेड़ी, बापचा, भानपुरा, पचोरा, लाखाखेड़ी, पिपलिया खेड़ा, कांकर, खीमाखेड़ी, लखमनखेड़ी, सुल्तानपुरा, सामगीमाना, धंधेडा, चाचाखेड़ी में विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई। विकास खण्ड सुसनेर के ग्राम श्रीपतपुरा, खिंदियाखेड़ी, दीवानखेड़ी, सोयतखुर्द, कोठडा, मंगिशपुर, जेतपुरा, बोरखेड़ी कांवल, गरडा, बामनियाखेड़ी, जाखली, कजलास, छपरिया एवं देवपुर में ग्राम सभा आयोजित की गई। विकास खण्ड बड़ौद में ग्राम सुहागढ़ी, हटीखेरिया, उदयपुर, इकलेरा, रणायरा, पिपलिया विजय, सांगाखेड़ी, आमलिया, राजाखेड़ी, चिपिया, कल्याखेड़ी में तथा विकास खण्ड नलखेड़ा के ग्राम लोलकी, लसुल्डिया, केलवा, गरेली, खेलागांव, मनासा, धान्याखेड़ी, देहरीगुर्जर, पटना, भिलखेड़ी, दत्या, सेमली नलखेड़ा, माधोपुर एवं बासखेड़ी में विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई।