नीमच। मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना के तहत कर्मकार मण्डल पंजीकृत श्रमिक परिवारों की कन्याओं के सामुहिक विवाह के लिए 55 हजार रूपये की सहायता राशि प्रदान करता है। जिले में अब तक किसी भी कन्या के विवाह का भुगतान लंबित नही है। नगरीय निकाय व जनपद पंचायतों अधिकाधिक सामुहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन कर, अधिकाधिक श्रमिक परिवारों की कन्याओं का विवाह सम्पन्न करवाये। यह बात म.प्र.भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल भोपाल के अध्यक्ष हेमन्त तिवारी ने शुक्रवार को जिला पंचायत नीमच में जन-प्रतिनिधियों, अधिकारियों और श्रमिक संगठनों की बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए दिए।
बैठक में मनासा विधायक अनिरूद्ध मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जनसिंह चौहान ,सांसद प्रतिनिधि वीरेन्द्र पाटीदार, कलेक्टर मयंक अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ गुरूप्रसाद, जनपद अध्यक्ष गोपाल चारण व जनप्रतिनिधि, सभी सीएमओं, जनपद, सीईओ व अन्य अधिकारी तथा श्रमिक संगठनों के सदस्यगण उपस्थित थे।
बैठक में अध्यक्ष हेमन्त तिवारी ने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत भुगतान के लिए लंबित प्रकरणों की जानकारी ली व तत्काल भोपाल चर्चाकर, लंबित सभी 50 प्रकरणों में विवाह सहायता की राशि तत्काल जारी करवाई। अध्यक्ष तिवारी ने कहा, कि मण्डल द्वारा श्रमिकों के पंजीयन की प्रक्रिया का सरलीकरण किया गया है। अब निर्माण श्रमिकों के एक बार पंजीयन करवाने के बाद नवीनीकरण करवाने की आवश्यकता नही रहेगी। बैठक में मण्डल के अध्यक्ष तिवारी द्वारा मण्डल द्वारा संचालित प्रसूति सहायता, चिकित्सा सहायता, विवाह सहायता, मृत्यु की दशा में अंत्येष्टी अनुगृह सहायता, शिक्षा प्रोत्साहन योजना, सुपर 5 हजार योजना, राज्य एंव संघ लोकसेवा आयोग की परीक्षा में सफलता हांसिल करने पर पुरस्कार योजना, विदेश अध्यापन के लिए शिक्षा योजना, खिलाडी प्रोत्साहन योजना, कौशल प्रशिक्षण योजना सहित विभिन्न 22 योजनाओं की विस्तार से योजनावार समीक्षा की।
मण्डल के अध्यक्ष तिवारी ने मनासा, रामपुरा व अन्य नगरीय निकायों को निर्माण श्रमिकों के पंजीयन की संख्या बढाने के निर्देश देते हए कहा,कि अधिकाधिक निर्माण श्रमिकों का पंजीयन करवाकर, उन्हे मण्डल की योजनाओं का लाभ दिलाएं। उन्होने श्रमिकों के पंजीयन के लिए शिविर आयोजित करने और उनका आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश भी दिए। मण्डल के अध्यक्ष तिवारी ने श्रमिकों क लिए रैन बसेरा निर्माण के प्रस्ताव भिजवाने निर्देश भी सभी अधिकारियों को दिए।
विधायक अनिरूद्ध मारू ने मण्डल के अध्यक्ष को सुझाव दिया, कि मण्डल की योजनाओं के प्रति जन जागरूकता के लिए सभी ग्राम पंचायातों में योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित करने वाला होर्डिंग लगवाया जाए। उन्होने कहा, कि सभी विभाग मण्डल की योजनाओं के लिए श्रमिकों को जागरूक करें और उन्हे योजनाओं का लाभ दिलाए। बैठक में परियोजना अधिकारी शहरी विकास आंकक्षा करोठिया, जिला श्रम अधिकारी एस.सी.पटेल व अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।