मंदसौर। कलेक्टर गौतम सिंह की अध्यक्षता में डीएलसीसी की बैठक कलेक्ट्रेट भवन में आयोजित की गई। बैठक के दौरान कलेक्टर ने सभी बैंकों को निर्देश दिए कि पीएम स्वनिधि के अंतर्गत जो भी हितग्राही इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन करते हैं उन लोगों से ब्लैंक चेक न लें। एलडीएम इस तरह की बैंकों पर कार्यवाही करें, जो हितग्राहियों को ब्लैंक चेक के कारण परेशान करते हैं। एलडीएम शासन की योजना से संबंधित प्रकरणों को ब्रांच स्तर पर ही स्क्रूटनी करें। सभी बैंक पीएम स्व निधि के अंतर्गत प्राप्त होने वाले हितग्राहियों के आवेदन को क्रेडिट स्कोर न देखें एवं क्रेडिट स्कोर देखकर रिजेक्ट ना करें।
बैठक के दौरान सीईओ जिला पंचायत कुमार सत्यम, लीड बैंक मैनेजर, उद्योग विभाग, उद्यानिकी विभाग, मत्स्य पालन विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पशुपालन विभाग, पीओडूडा सहित सभी बैंक मैनेजर मौजूद थे। उद्योग विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि हितग्राहियों के जानकारी सहित पूर्ण आवेदन बनाकर बैंकों को प्रेषित करें। जिससे बैंक प्रकरणों को अनावश्यक रिजेक्ट ना कर सके तथा आसानी से ऐसे प्रकरण निराकरण हो सके। बैंक लंबित आवेदनों का निराकरण के संबंध में योजना बनाएं। इसके साथ ही हितग्राहियों से बैंक रेंट एग्रीमेंट ना मांगे। प्रकरणों के निराकरण के लिए बैंकों में कैंपेन भी चलाएं। उद्योग विभाग बैंकों के साथ समन्वय करें। प्रकरणों में स्वीकृति करवाएं तथा उनका निराकरण करवाएं। इसके साथ बैठक के दौरान स्वरोजगार योजना, उद्यम क्रांति योजना, पीएम स्वनिधि योजना की शाखावार प्रगति की समीक्षा की गई।