नीमच। जिले में आयुष्मान कार्ड महाअभियान रविवार को चलाया गया। इस मौके पर शहर के सभी 40 वार्डो में शिविर लगाए गए। जहां स्थानीय रहवासियों को इस सुविधा की जानकारी और उपयोग के साथ ही वंचित हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने का काम भी किया गया।
जिले में रविवार को आयुष्मान महाअभियान चला कर अधिक से अधिक हितग्राहियों का पंजीयन कर उन्हें इस सुविधा से जोड़ा गया। महाअभियान के अंतर्गत आशा कार्यकर्ता, सहायिका, शिक्षक, पटवारी, सोसाइटी सेल्समेन हितग्राही को कैम्प स्थल तक लाए। जहां सचिव, सहायक सचिव, सीएससी ने पंजीयन किया। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी इसमे अपना सहयोग दिया।
महाअभियान के अंतर्गत जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां पंजीयन की दो-दो घंटे की रिपोर्ट गूगल शीट में दर्ज करने के निर्देश दिए गए थे। इसी कड़ी में स्थानीय ग्वाल टोली में बीएलओ, वार्ड प्रभारी और पार्षद सहित नगरपालिका अधिकारी घर-घर जाकर लोगों को इस अभियान से जोड़ते नज़र आए।
वार्ड प्रभारी प्रहलाद दीवान ने बताया कि शत प्रतिशत हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए रविवार को 1 हज़ार लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं मौके पर मौजूद वार्ड पार्षद भारत अहीर ने बताया कि महाअभियान के दौरान इस बात का भी ध्यान रखा जा रहा है कि जिनके कार्ड नहीं बन पा रहे है उनके लिए कुछ न कुछ रास्ते निकाले जाए।