देवास। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में टीकाकरण सहित अन्य स्वास्थ्य गतिविधियां संचालित की जा रही है। स्वास्थ्य संस्थाओं के माध्यम से निरंतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जा रही है। शासन द्वारा दिए गए लक्ष्य अनुसार समस्त कार्यक्रमों की उपलब्धि की समय-समय पर समीक्षा एवं सपोर्टिंग सुपरविजन किया जा रहा है। सीईओ जिला पंचायत प्रकाशसिंह चौहान की अध्यक्षता में नर्सिंग प्रशिक्षण केन्द्र में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित महत्वपूर्ण कार्यक्रम मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम में लक्ष्य के विरू़द्ध प्रथम एएनसी पंजीयन, गर्भावस्था में नियमित जॉच, हाई रिस्क प्रबंधन एवं उपचार सेवायें, गर्भवती एवं शिशु टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड उपलब्धि सहित अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा की गयी। बैठक मे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एम.पी.शर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी-1 डॉ एम.के.जोशी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी-2 डॉ एम.उस गोसर, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ सुनिल तिवारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक कामाक्षी दुबे, जिला मीडिया अधिकारी कमलसिंह डावर, डीसीएम ओमप्रकाश मालवीय, एपीएम स्वीटी यादव, बीएमओ कन्नौद, खातेगांव, बीईई, बीपीएम सहित महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सीईओ जिला पंचायत चौहान ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत गर्भवती महिलाओं का प्रथम पंजीयन अनमोल पोर्टल मे आनुपातिक लक्ष्य में कम उपलब्धि पर समीक्षा की। कुछ महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने कहा कि टेबलेट में एन्ट्री की लेकिन प्रर्दशित नहीं हो रही पोर्टल की समस्या आ रही है। जिला कार्यक्रम प्रबंधक कामाक्षी दुबे द्वारा पोर्टल समस्या का निराकरण किया गया। ग्रामवार लक्ष्य अनुसार कम कार्य पर 07 दिवस मे कार्य पूर्ण करने की चेतावनी देते हुए शहरी क्षेत्र देवास एएनएम लता-डे, खातेगांव एएनएम रजनी नायक, उपस्वास्थ्य केन्द्र डोकाकुई ए.एन.एम. रितु चौहान, उपस्वास्थ्य केन्द्र पिपल्दा के एमपीडब्ल्यु रामेश्वर पटेल को एक माह का वेतन रोकने संबंधी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। संबंधित सुपरवाईजर को सर्वे कर लक्ष्य अनुसार 07 दिन मे शतप्रतिशत एन्ट्री अनमोल पोर्टल पर पूर्ण करने के निर्देश दिये। 15 दिन बाद फिर समीक्षा होगी और लक्ष्य अनुसार कार्य पूर्ण नही करने पर संबंधित स्वास्थ्य कार्यकर्ता और सुपरवाईजर के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। एमपीडब्ल्यू बनेसिंह भौसले द्वारा सराहनीय कार्य करने पर 26 जनवरी को सम्मानित करने के लिए बीएमओ कन्नौद को निर्देश दिये। परिवार कल्याण, टीकाकरण, आशा कार्यक्रम, सहित अन्य कार्यक्रम की समीक्षा कर जानकारी ली गयी। उपस्वास्थ्य केन्द्र सुरमन्य एमपीडब्ल्यू जगदीश चौहान को योजनाओं की जानकारी नहीं होने पर कारण बताओं नोटिस जारी किया गया। स्वास्थ्य संस्थाओ मे हितग्राही मूलक योजनाओ का प्रदर्शन, योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दियें एवं प्रत्येक योजनाओ के हितग्राहियो की सफलता की कहानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये।