सरसी। खाद लूट के मामले में 2 माह से फरार चल रहे आलोट के कांग्रेस विधायक मनोज चावला ने आज सोमवार को इंदौर की हाईकोर्ट में पेश हुए। इसके बाद इंदौर न्यायालय ने कांग्रेस विधायक को जेल भेजने के आदेश दिए।
गौरतलब है कि 10 नवंबर 2022 को आलोट के ताल रोड स्थित सरकारी यूरिया खाद बिक्री केंद्र पर ऑनलाइन सिस्टम में समस्या आने पर किसानों को खाद नहीं मिल पा रहा था, जिसके बाद किसानों ने विधायक मनोज चावला को फोन लगाया। किसानों की समस्या को देखकर विधायक मौके पर पहुंचे और खाद गोदाम का शटर उठा दिया, जिसके बाद खाद की लूटमार शुरू हो गई थी। हालांकि विधायक चावला और कांग्रेस नेता जादौन ने किसानों से खाद वापस गोदाम के बाहर रखवा कर पावती में एंट्री करवा कर खाद दिलवाया था, लेकिन कुछ किसान वहां से खाद लेकर चले गए थे, जिसके बाद गोदाम मैनेजर की रिपोर्ट पर आलोट थाना पुलिस ने विधायक मनोज चावला और कांग्रेस नेता योगेंद्र सिंह जादौन पर लूट और शासकीय कार्य में बाधा डालने तथा डकैती सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया था, जिसके बाद पुलिस ने कांग्रेसी नेता योगेंद्र सिंह जादौन को इंदौर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
बता दें कि कांग्रेसी नेता योगेंद्र सिंह जादौन बीते 50 दिनों से इंदौर की सेंट्रल जेल में बंद है। वहीं 3 माह से फरार विधायक मनोज चावला ने आज इंदौर की हाईकोर्ट में खुद को पेश किया है, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए हैं।