चित्तौड़गढ़। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 9 नवंबर से 20 दिसंबर 2022 तक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया गया। इसके तहत 5 जनवरी 2023 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया। जिले की पांच विधानसभाओं में प्रारूप प्रकाशन पर कुल 1345948 मतदाता हैं। इसमें 46269 मतदाता 01 जनवरी को, 2390 मतदाता 01 अप्रैल को 3596 मतदाता 01 जुलाई को तथा 3638 मतदाता 01 अक्टूबर 2023 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करेंगे। अर्हता पूर्ण करने पर इनका नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किया जाएगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी गीतेश मालवीय ने बताया की 1 जनवरी 2023 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके अथवा 1 अप्रैल, 1 जुलाई या 1 अक्टूबर 2023 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा जिन्होंने अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं करवाया है। वे अब भी निरंतर अद्यतन प्रक्रिया के तहत अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करवा सकते हैं। इस हेतु अपने क्षेत्र के मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारी के पास जाकर अथवा ऑनलाइन अपने मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन कराते हुए आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा मोबाइल पर वोटर हेल्प लाइन एप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कर उसके माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता हैं।