चित्तौड़गढ़। 32 वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह का आयोजन 11 से 17 जनवरी तक किया जाएगा। इसमें परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग, पुलिस विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
जिला परिवहन अधिकारी सुमन ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह का शुभारम्भ 11 जनवरी को प्रातः 11.15 बजे जिला कलक्टर द्वारा मोटरसाईकिल रैली को हरी झण्डी दिखाकर किया जायेगा। यह मोटरसाईकिल रैली सुभाष चौक से प्रारम्भ होकर गोल प्याऊ, चन्द्रलोक टॉकिज, महाराणा प्रताप सेतु मार्ग, रेलवे स्टेशन, सैंती, प्रतापनगर से होकर कलेक्ट्री चौराहे पर समाप्त होगी। सप्ताह के दौरान जिला परिवहन कार्यालयों एवं पुलिस थानों में गुड सेमेरिटन व अंगदान संबंधी सनबोर्ड्स का प्रदर्शन किया जाएगा। जिले के समस्त पेट्रोल पम्प, टोल प्लाजा, सार्वजनिक स्थलों यथा रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड, ऑटो स्टैण्ड इत्यादि पर प्म्ब् सामग्री के माध्यम से सड़क सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इसके अलावा गतिविधियों में समस्त वाहनों पर सड़क सुरक्षा संदेश के स्टीकर लगाना, राज्य सरकार की सड़क सुरक्षा से संबंधित समस्त योजनाओं यथा गुड सेमेरिटन दिशा-निर्देश, मुख्यमंत्री चिरंजीवी जीवन रक्षा योजना, मुख्यमंत्री चिरंजीवी सड़क सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री चिरंजीवन बीमा योजना इत्यादि का व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जिले के समस्त राजकीय / निजी चिकित्सालयों में गुड सेमेरिटन दिशा-निर्देशों का अनिवार्य प्रदर्शन आदि शामिल है।