भवानीमंडी। गणतंत्र दिवस समारोह 2023 को गरिमामय तरीके से मनाए जाने के लिए मंगलवार को उपखंड अधिकारी कमल मीणा की अध्यक्षता में उपखंड अधिकारी कार्यालय के सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपखंड अधिकारी ने मेला मैदान परिसर में गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह की तैयारी को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने समारोह स्थल पर सफाई, पेयजल, बिजली, टेन्ट, माईक, बैठक, सुरक्षा एवं परिवहन आदि की माकूल व्यवस्थाएं करने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए। वहीं शहर के प्रमुख स्थलों, राजकीय कार्यालयों सहित मिनी सचिवालय पर विशेष एवं आकर्षक रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय पर सम्मानित करने के लिए भेजे जाने वाले नाम संबंधित अधिकारी अपने स्तर से पुख्ता जांच करने के पश्चात् ही भिजवाएं। समारोह में शिक्षण संस्थाओं के बच्चों को मिठाई वितरण व्यवस्था के लिए नगर पालिका को निर्देशित किया गया।
बैठक में पंचायत समिति प्रधान सुल्तान सिंह चौहान, तहसीलदार सत्यनारायण नरवरिया नायब तहसीलदार मुकुट बिहारी विकास अधिकारी प्रभु लाल वर्मा, प्रबंधक एचएम वशिष्ठ आरटीएम मिल, श्याम बिहारी वरिष्ठ लिपिक नगर पालिका भवानी मण्डी आरिफ खान फायर मेन नगर पालिका भवानी मण्डी, सहित कई विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।