नीमच। जिले में एनीमिया कम करने हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नीमच के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। इसके तहत प्रत्येक मंगलवार को कक्षा एक से 8 के समस्त विद्यार्थियों को आयरन की गोली का सेवन विद्यालयों में कराया जा रहा है। साथ ही इसकी रिपोर्ट ली जाकर सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। गत मंगलवार को जिले की समस्त शालाओं में दर्ज 59247 तथा उपस्थित 46672 में से 46162 को गोली खिलाई गई। अनुपस्थित रहे बच्चों को बुधवार को गोली खिलाई गई। 6 माह में एक बार पेट में कीडे मारने की दवाई एल्बेन्डाजोल का वितरण भी विद्यार्थियों को किया जा रहा है। इस प्रकार शासन के निर्देश अनुसार जिले को एनीमिया मुक्त करने हेतु संयुक्त विभागीय प्रयास किये जा रहे है। इसमें हर शाला में मां की बगिया विकसित किये जाने के प्रयास किये गये है जिनमें लगने वाली सब्जियों से बच्चे परिचित हो सके और ताजा सब्जियों का सेवन करके अच्छा स्वास्थ्य प्राप्त कर सके।