आगर मालवा। कलेक्टर वानखेड़े ने बुधवार को कलेक्टर कार्यालय परिसर में सहपरिवार पौधारोपण किया। कलेक्टर ने पत्नी एवं पुत्र के साथ जामुन एवं अमरूद के पौधे का रोपण किया। इस दौरान उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जिले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के दिशा-निर्देश अनुसार पौधारोपण का अभियान शुरू किया है, जिले में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जहां समुचित व्यवस्था है वहां पौधारोपण करवाया जाएगा, जिले का हर नागरिक अभियान में सहभागी बनकर अपने घर, कार्यालय परिसर में फलदार, छायादार एवं औषधी पौधों का रोपण करें तथा उनकी देखभाल करते हुए उन्हें पेड़ बनाएं, ताकि पर्यावरण एवं पक्षियों का संरक्षण हो। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि पेड़ पौधों का मनुष्य जीवन में बेहद महत्व है, हर व्यक्ति को समय-समय पर पौधारोपण करना चाहिए, जिससे कि प्रकृति का संतुलन बना रहे। अधिकारी कर्मचारियों ने किया पौधारोपण कलेक्टर कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा भी कलेक्टर कार्यालय परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।