मंदसौर। कलेक्टर गौतम सिंह की अध्यक्षता में गणतंत्रता दिवस की तैयारियों के संबंध में विशेष बैठक सुशासन भवन स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक के दौरान कलेक्टर ने निर्देश देते हुए कहा कि 26 जनवरी की तैयारियों के संबंध में एक विशेष कार्यक्रम 23 से 26 जनवरी तक नगरीय स्वच्छता अभियान चलेगा। इस संबंध में नगर पालिका सीएमओ आवश्यक तैयारियां करें। इस कार्यक्रम के दौरान बेहतरीन काम करने वाले को सम्मानित भी किया जाएगा। भारत पर्व का कार्यक्रम कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में शाम को आयोजित होगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में बच्चे शामिल होंगे और भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके साथ ही कार्यक्रम में झांकियां प्रदर्शन, परेड प्रदर्शन का कार्य होगा। इसकी आवश्यक तैयारी करें। नगर पालिका कार्यक्रम के लिए मंच एवं टेंट की व्यवस्था करें। सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में भव्य झांकी तैयार करें। गणतंत्र दिवस कार्यक्रम की फाइनल रिहर्सल 24 जनवरी को होगी। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, अपर कलेक्टर आरपी वर्मा सहित सभी जिला अधिकारी मौजूद थे।