नीमच। जिले के सभी राजस्व अधिकारी, आर.सी.एम.एस. में दर्ज नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन के सभी प्रकरणों का निर्धारित समय सीमा में निराकरण करना सुनिश्चित करें। भू-राजस्व व अन्य मदों में बकाया राशि की वसूली भी प्राथमिकता से करें। मांग अनुसार निर्धारित लक्ष्य अनुरूप वसूली करवायें। यह निर्देश कलेक्टर मयंक अग्रवाल ने शुक्रवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में जिले के सभी राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में एडीएम नेहा मीना, सहायक कलेक्टर सृजन वर्मा, सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर एवं राजस्व अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर अग्रवाल ने सीएम तथा सीएम मानिट में दर्ज शिकायतों का भी समय-सीमा में निराकरण कर, पोर्टल पर दर्ज करवाने के निर्देश दिए। बैठक में राजस्व वसूली, आरसीएमएस में दर्ज नामांतरण, बंटवारा व सीमांकन प्रकरणों के निराकरण, पीएम किसान सम्मान निधि की प्रगति, सीएम किसान कल्याण योजना की प्रगति, स्वामित्व योजना, मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना, घुमक्कड, अर्द्ध घुम्मकड जाति प्रमाण पत्र, राजस्व, वनभूमि के प्रकरण, लंबित अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों व नक्शा शुद्धिकरण कार्य की प्रगति की भी तहसीलवार समीक्षा की गई।