देवास। राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार जिले में कक्षा 2 से 5 वीं तक के विद्यार्थियों को अंग्रेजी ओलंपियाड में भाग लेने का अवसर पहली बार प्राप्त हो रहा है। जिसमें अंग्रेजी विषय के 30 प्रश्न विद्यार्थियों को हल करना है। इसी प्रकार कक्षा 6 वीं से 8 वीं तक के विद्यार्थियो को भी कॉमन ओलंपियाड में भाग लेने का पहली बार अवसर प्राप्त हो रहा है। इस प्रश्नमंच में हिन्दी, अंग्रेजी, विज्ञान एवं गणित विषय पर प्रति विषय 20 प्रश्नों के मान से कुल 100 प्रश्न विद्यार्थियो को हल करना है। इस परीक्षा का प्रथम चरण दिनांक 19 जनवरी 2023 को जन शिक्षा केंद्र स्तर पर आयोजित होगा। परीक्षा का समय कक्षा 2 से 5 वीं के लिए प्रातः 11 से 12.30 बजे तक रहेगा।
इसी प्रकार कक्षा 6 वी से 8 वीं तक के लिये समय प्रातः 11 बजे से 1.30 बजे तक रहेगा। सम्पूर्ण परीक्षा ओएमआर शीट के माध्यम से होगी। पूरी परीक्षा में कक्षावार 3 स्तर के प्रश्न पत्र है जो 2 री से 3 री, 4 थी से 5 वीं तथा 6 वीं से 8 वीं के रुप में होंगे।
जिले की विशेष तैयारी-
ओलंपियाड परीक्षा की तैयारी के लिए जिले में शिक्षको के द्वारा विद्यार्थियो के साथ मिलकर विशेष रूप से कक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें विषय पर आधारित प्रश्नों के साथ ही ओ एमआर शीट का अभ्यास कराया जा रहा है । विद्यार्थी भी इस परीक्षा के लिए सकारात्मक रूप से तैयार है। समय समय पर जिला परियोजना समन्वयक डॉ राजेन्द्र सक्सेना और ए पी सी अकादमिक विकास महाजन द्वारा इस सम्बंध में ब्लॉक लेवल पर तथा शालाओ में पहुचकर शिक्षको का उन्मुखीकरण भी किया जा रहा है।