नीमच। सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत आज दिनांक 16 जनवरी को यातायात विभाग द्वारा नीमच यातायात थाने पर बस चालक, स्कूल बस चालक, ऑटो चालकों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में बस चालको और ऑटो चालकों की आंखों, ब्लड प्रेशर, शुगर आदि की जांच की जा रही है। जिसका खास तौर पर उद्देश्य यह है कि नजर कमजोर होने या स्वास्थ्य की गड़बड़ी की वजह से किसी भी प्रकार की दुर्घटना के होने से बचा जा सके। इस हेल्थ चेकअप शिविर में बड़ी संख्या में स्कूल बस चालकों एवं ऑटो चालकों ने अपनी आंखों एवं स्वास्थ्य का परीक्षण करवाया। जिसके लिए जिला चिकित्सालय एनसीडी क्लीनिक की टीम एवं गोमाबाई नेत्रालय क स्टॉफ मौजूद रहा। जांच के दौरान जिनकी भी आंख में कोई कमजोरी पाई जा रही है अथवा शुगर एवं बीपी की शिकायत आ रही है उन्हें जिला चिकित्सालय अथवा गोमाबाई नेत्रालय में उपचार हेतु रेफर किया जा रहा है।
शिविर के आयोजन से एक महत्वपूर्ण बात यह होगी कि स्कूल बस चालकों एवं ऑटो चालकों का स्वास्थ्य का रिकॉर्ड यातायात विभाग के पास भी उपलब्ध रहेगा। जिससे भविष्य में परिचालन कराने की अनुमति देने में यातायात विभाग को आसानी रहेगी।
जिला चिकित्सालय की ओर से डॉक्टर सतीश पाटीदार, मनीष व्यास, गोमाबाई नेत्रालय से उमेश कुमार शर्मा, सिद्धार्थ और रणवीर ने कैंप में अपनी सेवाएं दी। इस दौरान यातायात थाना प्रभारी मोहनलाल भर्रावत एवं महकमे का स्टाफ मौजूद रहा।