सिंगोली। थाना क्षेत्र के ग्राम धोगवा के पास दिनांक 21 फरवरी को शाम करीब साढ़े 7 बजे वैवाहिक कार्यक्रम में जा रहे दो युवकों में से एक युवक की वाहन दुर्घटना में मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महेश पिता नंदलाल मेहर उम्र 26 साल निवासी भैंसरोडगढ़ राजस्थान मोटरसाइकिल क्रमांक आर जे 33 एसएफ 9372 से भैंसरोड से सिंगोली होते हुए ग्राम मडावदा राजस्थान कार्यक्रम में अपने रिश्तेदार राहुल पिता कन्हैयालाल मेहर उम्र लगभग 19 साल निवासी मोड़क राजस्थान के साथ जा रहा था। तभी अचानक ग्राम धोगवा के पास सामने से आ रहे वाहन ट्रक क्रमांक आरजे 06 जीबी 8329 ने टक्कर मार दी। जिसमें महेश मेहर बुरी तरह से घायल हो गया। वाहन चालक ने मौके का फायदा उठाकर भागने का प्रयास किया, जिसे सूचना पर राजस्थान पुलिस ने धर दबोचा। इस बीच घटना स्थल पर पहुँचे एक अन्य लोडिंग वाहन ने दोनों घायलो को सिंगोली हॉस्पिटल पहुँचाया। लेकिन हॉस्पिटल पर मौजूद डॉक्टर राहुल यादव ने महेश मेहर को मृत घोषित कर दिया।
सिंगोली पहुँचे परिजन बंशीलाल मेहर ने बताया कि मृतक महेश अपने रिश्तेदार राहुल मेहर के साथ भैंसरोड से मोटरसाइकिल पर सवार होकर ग्राम मड़ावदा थाना बेगूं राजस्थान में विवाह समारोह में जा रहा था और रास्ते में ही दुर्घटना हो गई।
सूचना पर हॉस्पिटल पहुंचे एसआई एसएस चुण्डावत घटना की जानकारी लेकर घटना स्थल पहुँचे तथा मामले की जाँच शुरू की। मृतक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया है जिसका पोस्टमार्टम आज किया जाएगा।