गरोठ। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़े उज्जैन फोरलेन मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरडिया अमरा के समीप प्याज से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक दिल्ली से मुंबई की ओर प्याज लेकर जा रहा था। बरडिया अमरा के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक सड़क पर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक में सवार दोनों व्यक्तियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव ने बताया कि मृतकों में से एक की पहचान पंजाब निवासी मनदीप के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान के प्रयास कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार अथवा चालक को झपकी आना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान सावधानी बरतें तथा नींद या थकान महसूस होने पर वाहन रोककर विश्राम अवश्य करें।