इंदौर। जिले में सीएम राइज स्कूल योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। इस योजना के शुरुआती प्रथम वर्ष में ही शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और स्कूलों के सुदृढ़ीकरण के सकारात्मक और अपेक्षित परिणाम दिखाई देने लगे हैं। शासकीय स्कूलों की तस्वीर बदलने लगी है। शिक्षा का बेहतर वातावरण भी बन रहा है। चयनित शासकीय स्कूलों में बच्चों की संख्या में वृद्धि हुई है। उपस्थिति बढ़ी है और रिजल्ट भी बेहतर हुआ है। जिले में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की मंशा के अनुरूप 11 सीएम राइज स्कूल गत शैक्षणिक वर्ष से प्रारंभ किये गये हैं। इन स्कूलों के नये भवन निर्माण की प्रक्रिया भी तेजी से जारी है। इन स्कूलों में नये शैक्षणिक सत्र में सभी विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर उन्हें हेल्थ कार्ड दिये जायेंगे साथ ही नेत्र परीक्षण भी सभी बच्चों का करवाया जायेगा। बच्चों की पर्सनलिटी डेवलपमेंट पर भी विशेष ध्यान दिया जायेगा।
यह जानकारी आज यहाँ कलेक्टर डॉ इलैया राजा टी द्वारा सीएम राइज स्कूलों की ली गयी समीक्षा बैठक में दी गयी। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी मंगलेश व्यास सहित सभी सीएम राइज स्कूलों के प्राचार्य और उप प्राचार्य मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर डॉ इलैया राजा टी ने प्रत्येक सीएम राइज स्कूल की विस्तार से समीक्षा की। बताया गया कि गत शैक्षणिक वर्ष से जिले में 11 स्कूल सीएम राइज योजना के तहत चयनित किये गये हैं। इनमें शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय नंदानगर,मूसाखेड़ी, अहिल्या आश्रम कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-एक, मल्हार आश्रम, महाराजा शिवाजी राव, मालव कन्या नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एमओजी लाईन तथा ग्रामीण क्षेत्र के माध्यमिक स्कूल पाल कांकरिया, मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देपालपुर, सांवेर तथा महू और हाई स्कूल शिव नगर शामिल है। बताया गया कि इन सभी स्कूलों में बच्चों की दाखिले में वृद्धि हुई है, उपस्थिति बढ़ी है और रिजल्ट भी बेहतर आया है। स्कूलों में लाईब्रेरी और प्रयोगशाला भी बनायी गयी है। स्कूलों की रंगाई-पुताई की गयी है। स्कूलों में शिक्षक-पालक संघ का गठन कर उनकी नियमित बैठकें हो रही हैं। यह प्रयास किया जा रहा है, बच्चों को प्रायवेट स्कूलों की तरह ही शैक्षणिक सुविधाएँ और शैक्षणिक वातावरण मिले। सभी चयनित स्कूलों के लिये नये भवन निर्माण की कार्यवाही भी तेजी से जारी है।
बैठक में कलेक्टर डॉ.इलैया राजा टी ने कहा कि सीएम राइज स्कूलों को बेहतर-से बेहतर बनाने में किसी तरह की कमी नहीं रखी जाये। शिक्षक पूर्ण समर्पण, मेहनत,गंभीरता के साथ कार्य करें। बच्चों को बेहतर से बेहतर वातावरण उपलब्ध करायें। बच्चों की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान दें। जो बच्चे अनियमित हैं, उनके पालकों से सम्पर्क कर बच्चों को नियमित स्कूल तक लाने का प्रयास करें। शिक्षक-पालक संघ की नियमित बैठक आयोजित करें। पालकों से नियमित संवाद रखें। बच्चों का आत्म विश्वास बढ़ाने का प्रयास करें। पर्सनलिटी डेवलपमेंट पर भी विशेष ध्यान दें। वे यह सुनिश्चित करें कि सीएम राइज स्कूल हर स्थिति में अन्य स्कूलों से बेहतर दिखे और बने भी। उन्होंने बच्चों को स्वस्थ्य मनोरंजन, गीत-संगीत, खेलकूद आदि गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश भी दिये। उन्होंने बच्चों के स्किल डेवलपमेंट पर भी ध्यान देने के निर्देश दिये। उन्होंने बच्चों को सांस्कृतिक,साहित्यक और वैज्ञानिक गतिविधियों से भी नियमित जोड़ने के लिये निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि स्कूलों को बेहतर बनायें। बेहतर बनाने में साधन और सुविधाओं की कोई कमी नहीं रखी जायेगी। सभी स्कूल अपने यहाँ कोई न कोई नवाचार जरूर करें।