नीमच। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में फोरजीरो चौराहे पर सामूहिक उपवास और धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की मांग करते हुए विरोध दर्ज कराया।
धरना स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ता काली पट्टियां बांधकर पहुंचे और हाथों में विभिन्न संदेशों वाली तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के समर्थन में नारे लगाए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में विपक्ष की मजबूत आवाज को रोकने का प्रयास किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को प्रभावित कर विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है, जिसका कांग्रेस विरोध करती है।
धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह संघर्ष केवल एक उम्मीदवार का नहीं, बल्कि संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनता के अधिकारों की रक्षा का मुद्दा है। वक्ताओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधीवादी परंपरा के तहत “रघुपति राघव राजा राम” भजन गाकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।