शाजापुर। रेलवे द्वारा समपार फाटक क्रमांक-151 पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत रेलवे अधिकारियों और आरपीएफ जवानों ने फाटक से गुजरने वाले वाहन चालकों एवं राहगीरों को सुरक्षित आवागमन के प्रति जागरूक किया।
पीक्यूयू यार्ड क्षेत्र स्थित समपार फाटक क्रमांक-151 पर आयोजित इस अभियान में वरिष्ठ अनुभाग अभियंता जौरावर सिंह और आरपीएफ के एएसआई हुकुम सिंह ने संयुक्त रूप से लोगों को रेलवे फाटक पार करते समय बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि बंद रेलवे फाटक के नीचे से निकलना या जल्दबाजी में ट्रैक पार करने का प्रयास गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है। उन्होंने लोगों से रेल यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षा संकेतों पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
अभियान के दौरान 200 से अधिक सड़क उपयोगकर्ताओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देकर परामर्श दिया गया। साथ ही रेलवे सुरक्षा नियमों से संबंधित जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता अभियानों का मुख्य उद्देश्य रेलवे फाटकों पर होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।