शिवपुरी। जिले की साइबर सेल ने साइबर ठगी के शिकार एक कियोस्क संचालक के 5 लाख 46 हजार रुपये वापस दिलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। अपनी खोई हुई रकम वापस मिलने पर संचालक ने पुलिस अधीक्षक एवं साइबर सेल टीम का पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने बताया कि करीब तीन माह पूर्व पोहरी निवासी कियोस्क संचालक प्रवीण वर्मा ने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके मोबाइल पर एक संदिग्ध लिंक भेजी गई थी, जिसे डाउनलोड करते ही उनका जीमेल अकाउंट हैक हो गया।
जीमेल अकाउंट हैक होने के बाद बैंक खाते से संबंधित ओटीपी साइबर ठगों तक पहुंच गई और ठगों ने खाते से 5 लाख 46 हजार रुपये निकाल लिए। शिकायत मिलते ही साइबर सेल ने तत्परता दिखाते हुए उन सभी बैंक खातों को होल्ड कराया, जिनमें राशि ट्रांसफर की गई थी। साथ ही संबंधित बैंकों से लगातार समन्वय बनाए रखा।
लंबी कानूनी और बैंकिंग प्रक्रिया के बाद पूरी राशि प्रवीण वर्मा के खाते में वापस जमा करा दी गई। राशि वापस मिलने पर उन्होंने शिवपुरी पुलिस और साइबर सेल का धन्यवाद व्यक्त किया।
साइबर सेल प्रभारी धर्मेंद्र सिंह जाट ने नागरिकों से अपील की है कि वे शादी के निमंत्रण, मूवी डाउनलोड या किसी अन्य प्रकार की एपीके फाइल के रूप में आने वाले संदिग्ध लिंक डाउनलोड न करें। उन्होंने कहा कि ऐसे लिंक साइबर अपराधियों का जाल हो सकते हैं, जिनसे मोबाइल, ईमेल और बैंकिंग जानकारी हैक होने का खतरा रहता है।