नीमच। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं दुर्घटना के दौरान घायलों को त्वरित प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास द्वारा एक महत्वपूर्ण नवाचार “जीवन संजीवनी अभियान” का शुभारंभ किया गया।
इस अभियान का शुभारंभ ग्राम चल्दू से किया गया, जहां प्रशिक्षित डॉक्टरों द्वारा उपस्थित लोगों को सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायल व्यक्ति को सीपीआर एवं प्राथमिक उपचार देने का प्रशिक्षण दिया गया। इसी क्रम में अनुभाग जावद के खोर टर्न एवं मनासा अनुभाग के दरकपुरा फंटे पर भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़े चिंताजनक-
जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति को लेकर प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023 में 359 दुर्घटनाओं में 101 लोगों की मृत्यु हुई, वर्ष 2024 में 368 दुर्घटनाओं में 120 लोगों की मृत्यु हुई तथा वर्ष 2025 में 321 दुर्घटनाओं में 117 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई है। इन आंकड़ों को देखते हुए दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु यह अभियान शुरू किया गया है।
तकनीकी विश्लेषण के बाद तैयार हुआ अभियान-
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास द्वारा नगर पुलिस अधीक्षक नीमच, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद एवं मनासा, थाना यातायात प्रभारी एवं तकनीकी टीम के साथ कई बैठकें कर दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण किया गया। इसके बाद जिले के 22 अत्यधिक दुर्घटना संभावित स्थलों (हॉटस्पॉट) का चयन कर भौतिक निरीक्षण किया गया।
50-50 लोगों को मिलेगा प्रशिक्षण-
अभियान के तहत चयनित 22 हॉटस्पॉट क्षेत्रों में प्रत्येक स्थान पर आसपास रहने वाले 50-50 लोगों को डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम द्वारा सीपीआर एवं प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि सड़क दुर्घटना के समय घायल व्यक्ति को तुरंत सहायता मिल सके और जान बचाई जा सके।
क्यूआर कोड आधारित सिस्टम से जुड़ेंगे नागरिक-
जीवन संजीवनी अभियान” को तकनीक से जोड़ते हुए इसे क्यूआर कोड आधारित प्रणाली के माध्यम से संचालित किया जाएगा। कोई भी नागरिक इसे स्कैन कर सड़क सुरक्षा मित्र के रूप में पंजीकरण कर सकेगा तथा दुर्घटना की स्थिति में सहायता प्रदान कर सकेगा।
विभिन्न स्थानों पर प्रशिक्षण-
ग्राम चल्दू में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. कमलेश माली द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। इसी प्रकार खोर टर्न पर डॉ. प्रदीप धाकड़ तथा दरकपुरा फंटे पर नर्सिंग अधिकारी चन्द्रेश भट्ट द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रमों में नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद रोहित राठौर, थाना प्रभारी जीरन निरीक्षक उमेश यादव, यातायात प्रभारी सुबेदार सोनू बड़गुजर, थाना प्रभारी जावद, मनासा सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
पुलिस की अपील-
पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे “जीवन संजीवनी अभियान” से जुड़कर सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करें तथा मानव जीवन बचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।