चित्तौड़गढ़। जिले की बस्सी थाना पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्रवाई करते हुए 1 किलो 530 ग्राम अवैध अफीम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अफीम परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार मादक पदार्थों की तस्करी एवं भंडारण के खिलाफ विशेष अभियान ष्ऑपरेशन त्रिनेत्रष् चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा एवं डीएसपी ग्रामीण दिनेश सुखवाल के पर्यवेक्षण में बस्सी थाना पुलिस ने कार्रवाई की।
थानाधिकारी चम्पाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कंचनपुरा गांव से आगे पाल रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल सवार संजय पुत्र धनराज जाट (31) निवासी पिपलिया कला, थाना गंगरार तथा नारायण पुत्र सोहनलाल जाट (29) निवासी तुर्किया खुर्द, थाना कपासन के कब्जे से 1 किलो 530 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।
कार्रवाई में थानाधिकारी चम्पाराम, मटूल, शंकरलाल, तेजपाल, सोभागमल एवं दिनेश चंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचना दें।