नीमच। प्रदेश में एक बार फिर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ), चक्रवात एक्टिव हो गया है। यह ट्रफ लाइन के गुजरने की वजह से सक्रिय हुआ है। इसकी वजह से आज प्रदेश में आज से फिर बारिश का दौर शुरू होगा। इसका असर प्रदेश के अन्य जिलों के साथ नीमच व मंदसौर में भी देखने को मिलेगा।
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो उत्तर भारत में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर प्रदेश के भोपाल, उज्जैन समेत कई जिलों में पड़ेगा। 3, 4 और 5 जून को भोपाल-उज्जैन समेत 12 जिलों में बारिश होने का अनुमान है, जबकि ग्वालियर और चंबल संभाग भी भीगेंगे। हालांकि ये सिस्टम ज्यादा स्ट्रॉन्ग नहीं है, लेकिन जून के दूसरे सप्ताह में फिर से आंधी-बारिश का दौर शुरू होगा। मानसून 20 जून तक प्रदेश में एंट्री कर सकता है।
इन जिलों में होगी बारिश-
भोपाल-उज्जैन संभाग में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। सिस्टम का असर भोपाल, रायसेन, राजगढ़, सीहोर, विदिशा, उज्जैन, शाजापुर, आगर-मालवा, देवास, नीमच, मंदसौर और रतलाम में दिखाई देगा। इसके बाद ग्वालियर-चंबल वाले हिस्से में भी हल्की बारिश होने की संभावना है।
आंधी के साथ झमाझम की आशंका-
मौसम वैज्ञानिकों ने प्रदेश में तेज आंधी और ओलावृष्टि होने की आशंका भी जताई है। आज शनिवार दोपहर बाद सिस्टम का असर दिखाई देगा। कई इलाकों में आंधी की रफ्तार 50 किमी प्रतिघंटा या इससे ज्यादा रहने की संभावना है।
इस बार नौतपा रहा ठंडा-
प्रदेश में इस बार नौतपा के तेवर ठंडे रहे। हर रोज मध्यप्रदेश के किसी न किसी हिस्से में बारिश हुई। ओले गिरे और आंधी का दौर भी जारी रहा। शुक्रवार को भी नीमच, मंदसौर, सागर, नरसिंहपुर सहित कई जिलों में बरसात हुई।
--
वॉइस ऑफ़ एमपी की मुहीम- बेज़ुबान पक्षियों के लिए दान करें सकोरे या फिर अपने मकान की छत पर रखे सकोरे, भीषण गर्मी में सुने इनकी फ़रियाद।