नीमच। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रतनगढ़ पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 80 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा एवं तस्करी में प्रयुक्त एक मारुति स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की है। साथ ही 5 हजार के इनामी बाल अपचारी सहित कई फरार आरोपियों और वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी रोहित राठौर के मार्गदर्शन में 13-14 जून की दरमियानी रात चलाए गए अभियान के दौरान नाकाबंदी तोड़कर भाग रही मारुति स्विफ्ट डिजायर कार (आरजे-14-सीटी-9973) को पुलिस ने रोका। तलाशी के दौरान कार से 80 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये बताई गई है। हालांकि चालक अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसी दौरान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे ₹5 हजार के इनामी बाल अपचारी को भी गिरफ्तार किया। इसके अलावा दो स्थायी वारंटी, थाना सिंगोली का एक फरार वारंटी तथा एक अन्य फरार आरोपी को भी पकड़ने में सफलता मिली।
अभियान के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर 15 लीटर अवैध महुआ शराब भी जब्त की गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भूरालाल भाबर एवं साइबर सेल के प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।