भोपाल। केमिस्ट एसोसिएशन के चुनाव 25 जून को होंगे। जिसके लिए आज नामांकन का आखिरी दिन है। चुनाव में संभवतरू तीन पैनल उतरेगी। जिसमें एक भोपाल केमिस्ट एकता पैनल ने सोमवार को ही नामांकन दाखिल कर दिया। चुनाव करीब 11 साल बाद होने जा रहे हैं। इससे पहले वर्ष 2012 में चुनाव हुए थे।
एसोसिएशन के चुनाव को लेकर लंबे समय से कवायद चल रही थी, लेकिन इसकी तारीख तय नहीं हो पाई। नियमानुसार हर तीन साल में चुनाव होने थे। आखिरकार अब चुनाव की डेट फाइनल हो गई है। इसे लेकर नामांकन भी दाखिल किए जा रहे हैं।
एसोसिएशन में अध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, दो सह सचिव, संगठन मंत्री, पीआरओ समेत कुल 10 पदों के लिए चुनाव होंगे। भोपाल केमिस्ट एकता पैनल में अध्यक्ष पद के लिए जितेंद्र धाकड़ समेत विवेक खंडेलवाल, सुहाग सिंह तोमर, सुनील कुमार गुप्ता, नरेंद्र धाकड़, अनिल जैन, मनोज शर्मा, अनिरुद्ध पारे, विक्रम शेरवानी एवं राहुल नागायच ने सोमवार को नामांकन दाखिल किया है। मंगलवार को दो अन्य पैनल नामांकन भर सकती है। दावेदार धाकड़ का दावा है कि उनकी पैनल सबसे युवा है।
एसोसिएशन में भोपाल शहर समेत बैरसिया, बंगरसिया, मिसरोद के केमिस्ट भी शामिल हैं। कुल 2250 मतदाता 25 जून को सुबह 9 से शाम 5 बजे तक मतदान करेंगे। इसके बाद परिणाम की घोषणा की जाएगी। शांतिनाथ प्लाजा नादरा बस स्टैंड पर चुनाव होंगे। कुल 6 निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सलमान खान है, जबकि बाकी पांच सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाए गए हैं।