चित्तौड़गढ़। प्रातः स्मरणीय, वीर शिरोमणि हिंदुआ सूर्य महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती के अवसर पर प्रताप स्पोर्ट्स संस्थान, चित्तौड़गढ़ द्वारा बुधवार, 17 जून को प्रातः 10 बजे प्रताप नगर स्थित चौलेंजर शूटिंग रेंज पर निशानेबाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर संस्थान की बैठक सम्पन्न हुई।
संस्थान के सचिव योगेंद्र पाल सिंह राठौड़ ने बताया कि इससे पूर्व प्रातः 7.30 बजे प्रताप पार्क में राजपूत समाज के विभिन्न संगठनों, समस्त हिंदूवादी संगठनों, वरिष्ठ नागरिक मंच एवं पेंशनर समाज द्वारा सर्वसमाज के सदस्यों के साथ महाराणा प्रताप की अश्वारूढ़ प्रतिमा स्थल पर केसरिया ध्वज फहराया जाएगा तथा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।
निशानेबाजी प्रतियोगिता के संयोजक चावंड सिंह चुंडावत ने बताया कि प्रतियोगिता बालक एवं बालिका वर्ग में आयोजित की जाएगी। विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए जाएंगे।
इस अवसर पर चौलेंजर शूटिंग रेंज के संचालक हंसराज पुरी गोस्वामी, प्रशिक्षक चंद्रगुप्त चौधरी, वीरेंद्र सिंह चौहान, लक्ष्मण सिंह भाटवाड़ा कला, देवेंद्र सिंह कंथारिया, शंकर सिंह चटावटी, दलपत सिंह तिलौली, भंवर सिंह गेजरा, चावंड सिंह दांतड़ा बांध सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।