नीमच। एमपी में इस बार मानसून खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर के रास्ते आएगा। सबसे पहले इंदौर, फिर भोपाल और ग्वालियर-जबलपुर में मानसून की बारिश होगी। पिछले साल 16 जून को ही मानसून प्रदेश में आ गया था। 1 जुलाई तक प्रदेशभर में एक्टिव हो गया था। लेकिन इस बार मानसून लेट आएगा।
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो 20 जून के बाद कभी भी मानसून मध्यप्रदेश में आ सकता है। पहले 25 जून तक का पूर्वानुमान लगाया गया था। इससे पहले प्री-मानसून की एक्टिविटी प्रदेश में जारी रहेगी। आज प्रदेश के कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश का अनुमान है। सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि आज 16 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
आज इन जिलों में झमाझम के आसार-
मौसम विभाग के अनुसार आज शुक्रवार को प्रदेश के 16 जिलों में बारिश होगी। प्रदेश के श्योपुरकलां, धार, रायसेन, बैतूल, भिंड, राजगढ़, खंडवा, विदिशा, सागर, अशोकनगर, बुरहानपुर, उज्जैन, छिंदवाड़ा, अनूपपुर, डिंडोरी और दमोह जिलों में हल्की बारिश का अनुमान है। भोपाल में बादल छा सकते हैं। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होगी। इनके अलावा नीमच, मंदसौर, रतलाम में देर शाम को बादल छा सकते हैं। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।
--
वॉइस ऑफ़ एमपी की मुहीम- बेज़ुबान पक्षियों के लिए दान करें सकोरे या फिर अपने मकान की छत पर रखे सकोरे, भीषण गर्मी में सुने इनकी फ़रियाद।