नीमच। संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर ने छुआछूत का शिकार 48 जातियों को अनुसूचित जाति का दर्जा दिया। लेकिन आजादी के बाद सत्ता ने अनुसूचित जाति के विकास के लिए ध्यान नहीं दिया। भाजपा इनके उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। यह बात मध्य प्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष प्रताप करोसिया ने टाउन हॉल नीमच में वाल्मीकि समाज के सम्मेलन में कही।
करोसिया ने कहा कि मध्यप्रदेश में सफाई के कार्य को ठेके से दिया गया तो सीएमओ पर कार्रवाई की जाएगी। नीमच में सफाई कामगारों के रिक्त पदों की पूर्ति और अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों तुरंत निपटाने हेतु निर्देशित कर दिया गया है। यहां वाल्मीकि समाज के लिए सामुदायिक भवन और आवास के लिए शीघ्र काम शुरू किया जाएगा।
कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य महेंद्र भटनागर, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राकेश पप्पू जैन, विष्णु भारती, शैलेश, रोहित नरवाले, हेमंत हरित, मोहन राणावत भी उपस्थित रहे।