रतलाम। प्रदेश के साथ रतलाम जिले में भी लाडली बहना योजना की पहली राशि आज लाडली बहनों के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर की जाएगी। इसे लेकर जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में उत्साह बना हुआ है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जबलपुर में आयोजित कार्यक्रम में बहनों के खातों में ऑनलाइन राशि ट्रांसफर करेंगे। इसे लेकर जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है। ग्राम पंचायत और नगरीय क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर उत्सव मनाने की तैयारी की गई है। इससे पूर्व लाडली बहना योजना की पात्र हितग्राही महिलाओं को घर-घर जाकर योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
रतलाम जिले में कुल 2 लाख 46 हजार लाडली बहनों के बचत खाते में आज ₹1000 की राशि ट्रांसफर की जाएगी। जिसे महिलाएं 11 जून को अपने बचत खाते से आहरित कर सकेगी। योजना के स्वीकृति पत्र प्राप्त कर चुकी महिलाएं उत्साहित हैं। रतलाम जिले में आज के दिन को उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी है। जहां गांव-गांव में रंगोली बनाकर और लाडली बहनों द्वारा दीप जलाकर उत्सव मनाया जाएगा। इन कार्यक्रमों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नुक्कड़ नाटक, भजन आदि कार्यक्रम होंगे। लोकगीत एवं लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां भी होंगी। लाड़ली बहना थीम पर महिलाएं जगह-जगह रांगोलियां बनाकर अपनी खुशी का इजहार करेंगी। कार्यक्रम की समाप्ति के पश्चात 10 जून की रात्रि में लाड़ली बहना दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन भी होगा। उत्सव के स्वरूप में लाड़ली बहनें घर-घर दीप जलाएंगी।