मंदसौर। जिले के पिपलिया मंडी थाना क्षेत्र के रहने वाले तीन आरोपियों को बीती रात राजस्थान की निंबाहेड़ा पुलिस गिरफ्तार कर प्राइवेट वाहन स्कार्पियो से अपने साथ ले जा रही थी। इसी दौरान नीमच जेतपुरा फंटे के निकट कार में पीछे बैठे तीनों आरोपियों ने राजस्थान पुलिस पर हमला कर दिया, और पुलिस के हथियार छीनकर एसआई पर फायरिंग कर फरार हो गए। घटना में एसआई के पैर में गोली लगी है जिन्हें उदयपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद मंदसौर एसपी अनुराग सुजानिया और नीमच एडिशनल एसपी एस एस कनेश पिपलिया मंडी पहुंचे, और पुलिस टीमें बनाकर इनके स्थानों पर दबिश दी लेकिन आरोपी नहीं मिले। घटना बुधवार रात 10.30 बजे की है।
घटना के बाद मंदसौर और नीमच पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों पर रातभर दबिश दी लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला। मामले में नीमच की कैंट थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 307, 394, 397, 332, 333, 353, 224 तहत प्रकरण दर्ज करते हुए फरार तीनों आरोपियों पर 10-10 हजार के इनाम की घोषणा की है।