सिवनी। जिले के छपारा जनपद पंचायत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी पद पर पदस्थ लोकेश नारनोरे को कार्यों में लापरवाही बरतने के चलते निलंबित किया गया है। जानकारी के अनुसार आयुक्त, जबलपुर संभाग की ओर से आदेश जारी कर यह कार्रवाई की गई है।
निलंबन अवधि में लोकेश नारनौरे का मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय सिवनी निर्धारित किया गया है। बताया जाता है कि लोकेश कुमार नारनौरे को जनपद पंचायत छपारा के पंचायत निर्वाचन वर्ष 2022-23 के लिए अभ्यर्थियों से प्राप्त निक्षेप राशि को अपनी मनमर्जी से अवैध तरीके से व्यय करने व चिकित्सा अवकाश का आवेदन देकर लगातार अनधिकृत रूप से अपने कर्तव्य से अनुपस्थित रहने से लाडली बहना योजना व मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान द्वितीय चरण के कार्य व अन्य योजनाओं की प्रगति प्रभावित होने के कारण उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।
वहीं जिला प्रशासन की ओर से समस्त अधीनस्थ अमले को सचेत किया गया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता के लिए संबंधित के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने सभी कर्मचारियों को कहा है कि ईमानदारी से अपना कार्य करें। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।