नीमच। जिले में आमजन के राजस्व संबंधी प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए 22 जून से 22 जुलाई 2026 तक विशेष राजस्व महाअभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के तहत सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, रास्ता विवाद एवं अन्य राजस्व मामलों का मौके पर समाधान किया जाएगा।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर श्री चंद्रा ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई में प्राप्त राजस्व संबंधी शिकायतों का निराकरण राजस्व अमले द्वारा मौके पर पहुंचकर किया जाएगा। रास्ता विवादों के मामलों में दोनों पक्षों की उपस्थिति में समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मानसून पूर्व सीमांकन से जुड़े सभी लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण किया जाए तथा सात दिवस के भीतर लंबित मामलों का मौके पर निपटारा किया जाए। साथ ही पुलिस में दर्ज भूमि विवादों के समाधान के लिए विशेष राजस्व शिविर भी लगाए जाएंगे।
बैठक में आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों के निराकरण का प्रतिशत 65 से अधिक करने तथा तीन माह से अधिक पुराने किसी भी प्रकरण को लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सभी पटवारियों को 60 प्रतिशत से अधिक फार्मर रजिस्ट्री कार्य पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि राजस्व प्रकरणों का त्वरित समाधान शासन की प्राथमिकता है और अभियान के दौरान आमजन को अनावश्यक भटकना न पड़े, यह सुनिश्चित किया जाए।