कटनी। सांसद खजुराहो एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कटनी जिले मे लाड़ली बहना सेना के गठन और हर विकासखंड के लिए अलग-अलग ड्रेस कोड के नवाचार को अभिनंदनीय बताया है। सांसद शर्मा ने अपने ट्वीटर अकांउट से कोट ट्वीट करते हुए कहा है कि, मध्य प्रदेश में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की प्रतीक बनी लाड़ली बहना योजना के तहत कटनी में लाड़ली बहना सेना के ड्रेस कोड का नवाचार अभिनंदनीय है। सांसद शर्मा ने इस अभिनव नवाचार के लिए कटनी जिला प्रशासन और लाड़ली बहना सेना की मातृशक्तियों को बधाई दी है।
वहीं प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री( स्वतंत्र प्रभार ) एवं सामान्य प्रशासन मंत्री इंदर सिंह परमार ने भी अपने ऑफिसियल सोशल मीडिया अकाउंट से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक मे कटनी जिले के नवाचार की सराहना होने और कटनी के ड्रेस कोड पैटर्न को अन्य जिलों को भी अपनाने के निर्देश अपने ऑफिशियल अकाउंट से रिट्वीट किया है।
विदित हो कि जिले के कलेक्टर अवि प्रसाद के मार्गदर्शन एवं निर्देशन मे यह अनूठा अभिनव नवाचार करने वाला कटनी प्रदेश का पहला जिला है। जहां ड्रेस कोड के साथ मुख्यमंत्री लाड़ली बहना सेना का गठन किया गया है।
जिले के सभी नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायत मुख्यालयों को मिलाकर कुल 497 लाड़ली बहना सेना का प्रथम चरण में गठन किया गया है। प्रत्येक विकासखंड की लाड़ली बहना सेना को अलग-अलग ड्रेस कोड के आधार पर वर्गीकृत किया गया है। विकासखंड कटनी मुड़वारा (ग्रामीण) का लाल रंग, कटनी शहरी का गुलाबी, रीठी विकासखंड का पीला, बहोरीबंद विकासखंड का भूरा, बड़वारा विकासखंड का गुलाबी और ढीमरखेड़ा विकासखंड का आसमानी एवं विजयराघवगढ़ विकासखंड का पीला रंग का ड्रेस कोड लाड़ली बहना सेना ने तय किया है।
--
वॉइस ऑफ़ एमपी की मुहीम- बेज़ुबान पक्षियों के लिए दान करें सकोरे या फिर अपने मकान की छत पर रखे सकोरे, भीषण गर्मी में सुने इनकी फ़रियाद।