नीमच। अरब सागर से उठे बिपरजॉय तूफान ने गुजरात में भारी तबाही मचाने के बाद राजस्थान में एंट्री कर ली है। यह तूफान राजस्थान में भी कहर बरपा रहा है। इसका असर राजस्थान से सटे एमपी के नीमच, मंदसौर व रतलाम सहित अन्य जिलों में देखने को मिल रहा है। तूफान की वजह से कई जिलों में तेज आंधी व भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि गुजरात और राजस्थान में तबाही मचाने वाले बिपरजॉय तूफान का असर आज रविवार को मध्यप्रदेश के कई जिलों में दिखाई देगा। ग्वालियर, भोपाल, उज्जैन समेत 25 जिलों में आंधी-बारिश होने का अनुमान है। राजस्थान से सटे नीमच, मंदसौर व रतलाम सहित अन्य हिस्सों में भारी बारिश भी हो सकती है। इसमें ग्वालियर-चंबल संभाग भी शामिल हैं। प्रदेश में 21 जून तक मौसम बिगड़ा रहेगा।
इन जिलों में तूफान का असर-
मौसम विभाग के अनुसार तूफान का असर प्रदेश के चार संभाग भोपाल, ग्वालियर, चंबल और उज्जैन में देखने को मिलेगा। ऐसे में भोपाल, रायसेन, राजगढ़, सीहोर, विदिशा, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, गुना, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुरकलां, उज्जैन, शाजापुर, देवास, आगर, रतलाम, मंदसौर और नीमच में बारिश होगी। वहीं, 50 किमी या इससे ज्यादा रफ्तार से आंधी भी चलेगी।
--
वॉइस ऑफ़ एमपी की मुहीम- बेज़ुबान पक्षियों के लिए दान करें सकोरे या फिर अपने मकान की छत पर रखे सकोरे, भीषण गर्मी में सुने इनकी फ़रियाद।