नीमच। बिपरजॉय तूफान के चलते मध्यप्रदेश के ग्वालियर-चंबल में मंगलवार को भी भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने ग्वालियर-शिवपुरी समेत 8 जिलों में 24 घंटे के भीतर 4 इंच से ज्यादा बारिश होने का अनुमान जताया है। राजस्थान से सटे रतलाम, नीमच, मंदसौर, राजगढ़ में भी मौसम बिगड़ा रहेगा। भोपाल शहर में दिन में तेज बारिश हो सकती है, जबकि इंदौर, जबलपुर-उज्जैन में आंधी चल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार बिपरजॉय की वजह से ग्वालियर-चंबल संभाग में ज्यादा असर है। यहां 19 से 21 जून तक भारी बारिश का अलर्ट है। मंगलवार को ग्वालियर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना और श्योपुरकलां में भारी बारिश हो सकती है। 21 जून को भी यहां ऐसा ही मौसम रहेगा। विदिशा और रायसेन में 21 जून को हैवी रेन होने की संभावना है।
राजधानी भोपाल में भी मौसम बदला हुआ रहेगा। 20 और 21 जून को तेज बारिश होने के आसार हैं, जबकि 22 जून को हल्की बारिश हो सकती है। 23 जून को गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है।
भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, मंदसौर, नीमच, नर्मदापुरम, धार, बैतूल में बारिश हो सकती है। वहीं, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, इंदौर में बादल छाए रहेंगे। यहां हवा की रफ्तार ज्यादा रहेगा। कुछ जिलों में यह 50 किमी या इससे ज्यादा हो सकती है।