नीमच। मनासा के बीआरसी केंद्र पर कार्यरत कर्मचारी अर्जुन पिता जगदेव सिंह राजपूत के आत्महत्या मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने कार्यालय के क्लर्क अनिल गोयल को निलंबित कर दिया है। मामले में आरोपी गोयल मनासा थाने पर प्रकरण दर्ज होने के बाद से मेडिकल लगा कर फरार हो गया। हालांकि पुलिस जल्द गिरफ्तारी की बात कह रही है।
बता दें कि मनासा बीआरसी केन्द्र के भृत्य कर्मचारी अर्जुन पिता जगदेवसिंह राजपुत निवासी रामपुरा लंबे समय से कार्य करते थे। 8 जून को अुर्जन ने मनासा बीआरसी केन्द्र में आंवले के पेड़ पर फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक के जेब से थाना प्रभारी मनासा के नाम सुसाइड नोट मिला, जिसमें मृतक ने जिला शिक्षा अधिकारी के बाबू अनिल गोयल पर 60 हजार रूपए लेने के बावजूद लंबे समय से अटकी 10 से 12 लाख एरियर की राशि नहीं दिलवाने का आरोप लगाया था। वहीं, आरोपी पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।