नीमच। देश के गुजरात और राजस्थान में भारी तबाही मचाने वाले बिपरजॉय तूफान का असर एमपी के कई जिलों में दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने आज गुरुवार को भी प्रदेश के कई शहरों में तेज और हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। वहीं राजस्थान से सटे नीमच, मंदसौर, रतलाम सहित अन्य जिलों में भी तेज बारिश होने की आशंका व्यक्त की है। प्रदेश के कई जिलों में आगामी 3 दिन में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। यहां 40 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलेगी।
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो बिपरजॉय तूफान की एक्टिविटी के बीच मध्यप्रदेश में मानसून की एंट्री पूर्वी हिस्से से पहले होगी। जबलपुर, शहडोल, बैतूल, बुरहानपुर, खंडवा, बैतूल, सिवनी, मंडला, छिंदवाड़ा, डिंडोरी, बालाघाट, नरसिंहपुर और अनूपपुर में मानसून पहले आ सकता है। 3 दिन के भीतर यानी 25 जून या इससे पहले मानसून दस्तक दे सकता है। इसके बाद अरब सागर की ओर से आ रहे मानसून की एक्टिविटी शुरू होगी।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक पांडे ने बताया कि पूर्वी क्षेत्र की ओर से मानसून तेजी से बढ़ रहा है। 2 से 3 दिन में यह मध्यप्रदेश में एंटर हो सकता है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत प्रदेशभर में अगले 72 घंटे में मानसून पहुंच जाएगा। इसके पहले ही प्री मानसून की वजह से प्रदेश के टीकमगढ़ और निवाड़ी जिले में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। रातभर से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण छोटी नदियां और नाले उफान पर आ गए हैं। जेवरा गांव में नाला उफनाने से टीकमगढ़-झांसी हाईवे डूब गया। हाईवे पर यातायात पूरी तरह से रूक गया है।
तीन दिन जिलों में बारिश के आसार-
22 जून को भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, बैतूल, हरदा, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और पन्ना।
23 जून को नर्मदापुरम, बैतूल, देवास, शाजापुर और आगर-मालवा।
24 जून को उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, गुना और अशोकनगर।