विदिशा। दस्तक अभियान का प्रथम चरण दिनांक 18 जुलाई से प्रारंभ होने जा रहा है जो 31 अगस्त तक जारी रहेगा। अभियान के सुव्यवस्थित रूप से क्रियान्वयन हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शिवराम सिंह कुशवाह के निर्देशन में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ डीके शर्मा के द्वारा सभी विकासखंडों की एएनएम, एलएचबी एमपीडब्ल्यू एवं सुपरवाइजर को विदिशा के जनरल नर्सिंग ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिले के बासौदा, सिरोंज और लटेरी विकासखंड का प्रशिक्षण कार्य पूर्ण हो गया है। गुरुवार 22 जून को ग्यारसपुर एवं नटेरन विकासखंड का प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्य 26 जून तक संचालित किया जाएगा। ताकि दस्तक दल द्वारा गुणवत्तापूर्ण सेवाएं दी जा सकें। दस्तक दल में एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के द्वारा कार्यों को संपादन किया जाएगा।
दस्तक अभियान का क्रियान्वयन महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से किया जाएगा। जिसमें जिले के समस्त 5 वर्ष से छोटे बालक-बालिकाओं के घर पर दस्तक अभियान दल द्वारा दस्तक देकर उनके स्वास्थ्य की जांच कर बीमारियों की जांच की जाएगी। जिनमें न्यूमोनिया, कुपोषण, एनीमिया, डायरिया, जन्मजात विकृति, देखने एवं सुनने की क्षमता में कमी के साथ-साथ अन्य बीमारियों की जांच कर उपचार प्रबंधन एवं रेफर किया जाएगा।